Betul Crime News : बैतूल। जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिले युवक के शव का मामला हत्या का निकला। रानीपुर पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक के पिता और छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को रेलवे पटरी पर फेंककर इसे हादसा दिखाने की कोशिश की थी।
पुलिस के अनुसार 18 मई को घोड़ाडोंगरी उप स्टेशन प्रबंधक से सूचना मिली थी कि ग्राम कोयलारी के पास रेलवे खंभा क्रमांक 823/1 के समीप एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा हुआ है। शुरुआती जांच में मामला ट्रेन से गिरकर मौत का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया। डॉक्टरों ने युवक की मौत गला दबाने से होने की आशंका जताई थी।
इसके बाद पुलिस ने शव को सुरक्षित रखवाकर उसकी पहचान के प्रयास शुरू किए। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों में फोटो प्रसारित करने पर अगले दिन मृतक की पहचान मेढ़ापानी निवासी अनेष पिता रामदयाल के रूप में हुई। विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के पिता रामदयाल से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि अनेष शराब पीने का आदी था और आए दिन परिवार के साथ मारपीट करता था। घटना वाले दिन भी उसने घर में रखी गेहूं की चार बोरियां बेच दी थीं और विवाद कर रहा था। इससे परेशान होकर परिवार के लोग गांव में अलग-अलग जगह छिप गए थे।
रामदयाल ने पुलिस को बताया कि वह खेत की टापरी में छिपा हुआ था। इसी दौरान अनेष वहां पहुंच गया और विवाद करने लगा। गुस्से में आकर उसने गमछे से बेटे का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में उसने छोटे बेटे मनीष उइके की मदद से शव को बाइक पर रखकर रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया, ताकि मामला हादसे जैसा लगे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।
