बजरंग दल, गौ-सेना और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, आरोपी मौके से फरार
Betul Crime News : मुलताई में शुक्रवार सुबह गौ तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया, जहां एक कार में चार गौवंश को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाया जा रहा था। बजरंग दल, गौ-सेना के कार्यकर्ताओं और पुलिस की सतर्कता से तस्करी का प्रयास विफल हो गया। हादसे के बाद आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे गौ रक्षकों को सूचना मिली थी कि मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर में छिंदवाड़ा मार्ग से गौवंश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही बजरंग दल और गौ-सेना के कार्यकर्ताओं ने कामथ क्षेत्र से संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि पट्टन चौकी पर पुलिस की मदद से बैरिकेडिंग की गई थी, लेकिन चालक तेज रफ्तार में वाहन लेकर मुलताई की ओर भाग निकला। कार्यकर्ताओं ने लगातार पीछा जारी रखा। इसी दौरान तस्कर वाहन को पट्टन रोड हाईवे के पास खरसाली के जंगल क्षेत्र में ले गए, जहां तेज गति के कारण कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जब गौ रक्षक मौके पर पहुंचे तो कार के अंदर चार गौवंश को बेरहमी से रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं की मदद से वाहन को सीधा किया गया और सभी गौवंश को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही मुलताई पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन सहित गौवंश को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में बजरंग दल के सागर बजरंगी, दीपांशु साहू, पंकज बिहारे तथा गौ पुत्र सेना के धर्मेंद्र नरवरे, छोटू पाटील, शिवम यादव, युवराज यादव, सार्थक चिंचोले और लक्की मस्तकार सहित अन्य गौ सेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बजरंग दल और गौ-सेना के पदाधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र में गौ तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
