Betul Crime News : बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका से जबरदस्ती करने और उसके परिजनों के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी मुलताई के मार्गदर्शन में थाना मुलताई पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, हतनापुर निवासी 20 वर्षीय शिवा पिता भीवजी पिपरदे लंबे समय से नाबालिग बालिका को परेशान कर रहा था और उस पर मिलने का दबाव बना रहा था।
पीड़िता द्वारा मुलताई थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार आरोपी घर में घुस आया और जबरदस्ती करने का प्रयास किया। इस दौरान जब बालिका के परिजन बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने लाठी से हमला कर दिया। हमले में बालिका के पिता और चाची घायल हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार, उप निरीक्षक मोनिका पटले, आरक्षक कमलेश भलावी, सैनिक गुरुदयाल रघुवंशी और चालक सेवाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या डायल-112 पर दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
