Betul Crime News : बैतूल। जिले के आमला थाना क्षेत्र अंतर्गत निमझीरी गांव में मजदूरी के पैसे मांगने गए एक 18 वर्षीय युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार निमझीरी निवासी 18 वर्षीय अभिषेक पिता गोलू मजदूरी का काम करता है। कुछ समय पहले वह गांव के ही राकेश सायबू के साथ बाहर मजदूरी करने गया था। काम पूरा होने के बाद भी राकेश ने अभिषेक को मजदूरी के करीब 5 हजार रुपए नहीं दिए थे।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब 7 बजे अभिषेक अपनी बकाया राशि मांगने राकेश के पास पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
गर्दन पर चाकू से किया हमला
घायल युवक की मौसी सरिता ने बताया कि विवाद बढ़ने पर आरोपी राकेश सायबू ने गुस्से में आकर अभिषेक की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। वार इतना गंभीर था कि युवक लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल अभिषेक को तत्काल आमला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल जिला अस्पताल में अभिषेक का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, आमला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी राकेश सायबू की तलाश शुरू कर दी है।
