Betul Collector Inspection : बैतूल शहर के विकास कार्यों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

On: May 21, 2026 11:06 AM
Follow Us:

Betul Collector Inspection : बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने गुरुवार को शहर का विस्तृत भ्रमण कर निर्माणाधीन और प्रस्तावित विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गंज शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सदर बाजार, बस स्टैंड, पुरानी जिला जेल और करबला क्षेत्र का जायजा लेते हुए अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ. सोनवणे सबसे पहले गंज सब्जी मंडी पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माणाधीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को तय समय-सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही मंडी की दुकानों को व्यवस्थित तरीके से स्थानांतरित करने की कार्ययोजना पर भी चर्चा की। हाल ही में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद व्यापारियों की शिकायतों को देखते हुए कलेक्टर ने करबला क्षेत्र के पास गल्ला और सब्जी मंडी के लिए उपयुक्त जमीन का निरीक्षण भी किया।

शहर भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने पुरानी जिला जेल परिसर और कृषि विभाग की जमीन का भी अवलोकन कर विकास की संभावनाओं पर अधिकारियों से चर्चा की। इसके अलावा उन्होंने सदर बाजार और बस स्टैंड क्षेत्र की यातायात व्यवस्था, पार्किंग और व्यापारिक गतिविधियों का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने जिला अस्पताल पहुंचकर नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU) का निरीक्षण भी किया। उन्होंने वार्ड में भर्ती नवजात बच्चों की देखभाल, उपलब्ध सुविधाओं और चिकित्सा प्रबंधन की जानकारी ली। अस्पताल प्रबंधन को नवजातों की बेहतर निगरानी और सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, सीएमओ नवनीत पांडे, तहसीलदार पूनम साहू, नायब तहसीलदार श्याम सिंह उईके सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment