Betul Accident News : सांपना बांध के पास सड़क हादसा, 17 वर्षीय युवक की मौत, दो घायल

Follow Us:

Betul Accident News : बैतूल बाजार थाना क्षेत्र में बीती देर रात सांपना बांध के पास हुए सड़क हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। हादसा सांपना बांध के अंदर गांव की ओर जाने वाली सिंगल सड़क पर हुआ।

मृतक की पहचान चारसी निवासी विखित बारस्कर (17) पुत्र राजू दीवान बारस्कर के रूप में हुई है। वहीं हादसे में सुरेंद्र धुर्वे और शिवदयाल घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक जिला अस्पताल से अपने गांव लौट रहे थे, जहां उनकी बहन का सांप काटने के बाद इलाज चल रहा था।

घटना के बाद एंबुलेंस की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने विखित को मृत घोषित कर दिया। अन्य दोनों घायलों का उपचार शुरू किया गया। इनमें से सुरेंद्र धुर्वे की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बाइक अनियंत्रित होकर गिरी या किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी। प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि हादसे के समय तीनों युवक शराब के नशे में थे। मृतक विखित मजदूरी का काम करता था।

घटना की सूचना मिलते ही बैतूल बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई रमन धुर्वे और कांस्टेबल विशाल यादव ने जिला अस्पताल पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment