BJP Meeting Multai : मुलताई। नगर के अंबेडकर चौक स्थित भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को नगर मंडल, दुनावा मंडल और साइखेड़ा मंडल की संयुक्त कामकाजी बैठक आयोजित की गई। बैठक भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार और मंडल अध्यक्ष गणेश साहू के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन कर की गई। जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी से अपने दायित्वों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
महेश खत्री ने थामा भाजपा का दामन
बैठक के दौरान सेवानिवृत्त खेल शिक्षक महेश खत्री ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जिला अध्यक्ष ने उन्हें अंगवस्त्र पहनाकर पार्टी में शामिल किया। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।
नीतियों और कार्यक्रमों की दी जानकारी
भाजपा मीडिया प्रभारी रामचरण मालवीय ने बताया कि कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों से अवगत कराने के लिए समय-समय पर इस प्रकार की बैठकों का आयोजन किया जाता है। बैठक का संचालन नगर मंडल महामंत्री राघवेंद्र रघुवंशी ने किया, जबकि दुनावा मंडल अध्यक्ष अमित पवार ने आभार व्यक्त किया।
अन्य मंडलों में भी ली बैठकें
इसके अलावा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार ने प्रभात पट्टन और मासोद मंडल में भी बैठकों को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति समझाते हुए बूथ, मंडल और जिला स्तर की बैठकों में नियमित भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इन बैठकों में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





