Betul Fire News : बैतूल/चिचोली। बैतूल जिले के चिचोली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अजई में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां किसान के मवेशी कोठे में आग लगने से भारी नुकसान हुआ। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोठे के ऊपर से गुजर रही मध्य प्रदेश विद्युत मंडल (MPEB) की बिजली लाइन अचानक टूटकर नीचे गिर गई। इससे शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग ने कोठे में रखे भूसे को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लपटें तेजी से फैल गईं।
गाय और बैल झुलसे, वाहन भी जला
इस हादसे में एक गाय और एक बैल गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं कोठे के पास खड़ी एक मोटरसाइकिल और बड़ी मात्रा में रखा भूसा भी जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक किसान को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने मिलकर बुझाई आग
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण तब तक काफी नुकसान हो चुका था। आग बुझाने के दौरान कुछ ग्रामीण भी मामूली रूप से झुलस गए, जिन्हें चिचोली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
फायर ब्रिगेड की देरी पर नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती, तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन और बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।





