Betul Heat Wave : बैतूल में अप्रैल में ही ‘मई-जून’ जैसी तपिश, 42 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा; स्कूल समय बदलने का प्रस्ताव

On: April 17, 2026 11:18 AM
Follow Us:

Betul Heat Wave : बैतूल। जिले में गर्मी ने समय से पहले ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। लगातार बढ़ते तापमान के चलते हीट वेव का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं शुक्रवार दोपहर तक पारा 38 डिग्री तक पहुंच गया, जो शाम तक 41 डिग्री तक जाने का अनुमान है।

इससे पहले 15 अप्रैल को भी तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका था। खास बात यह है कि दिन और रात के तापमान में लगभग 20 डिग्री सेल्सियस का बड़ा अंतर दर्ज किया जा रहा है, जिससे गर्मी और अधिक असहनीय हो गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 17 अप्रैल से जिले में हीट वेव की स्थिति बन रही है। 17 से 19 अप्रैल के बीच तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि 22 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 41 डिग्री के आसपास बने रहने की संभावना है। ऐसे में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के कोई संकेत नहीं हैं।

आंकड़ों पर नजर डालें तो बैतूल में अप्रैल का सामान्य अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री रहता है, लेकिन इस बार यह 3 से 4 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है। आमतौर पर मई-जून में पड़ने वाली भीषण गर्मी इस बार अप्रैल में ही महसूस की जा रही है।

स्कूल समय बदलने का प्रस्ताव
हीट वेव को देखते हुए शिक्षा विभाग ने भी कदम उठाया है। विभाग ने स्कूलों का समय बदलकर सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक करने का प्रस्ताव कलेक्टर को भेजा है। इस संबंध में जल्द आदेश जारी होने की संभावना है।

स्वास्थ्य विभाग की सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नागरिकों को दोपहर के समय धूप से बचने, सिर ढककर बाहर निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है। उनका कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा परेशानी बढ़ा सकती है, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment