बैतूल। घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के शासकीय हाई स्कूलों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। क्षेत्र के 13 हाई स्कूलों के नए भवन निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। जनजातीय कार्य विभाग, मध्यप्रदेश शासन ने इसके लिए कुल 51 करोड़ 51 लाख 38 हजार रुपए की राशि मंजूर की है।
जानकारी के अनुसार, प्रत्येक स्कूल भवन के निर्माण के लिए 3 करोड़ 96 लाख 38 हजार रुपए आवंटित किए गए हैं। लंबे समय से भवन की कमी से जूझ रहे इन स्कूलों के विद्यार्थियों को अब बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
10-15 साल से बिना भवन के चल रहे थे स्कूल
क्षेत्र के कई हाई स्कूल पिछले 10 से 15 वर्षों से बिना पर्याप्त भवन के संचालित हो रहे थे, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। नए भवन बनने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विधायक की पहल लाई रंग
विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके ने इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह को पत्र लिखकर मांग की थी। साथ ही उन्होंने बजट सत्र 2025-26 के दौरान विधानसभा में भी इस विषय को उठाया था। स्वीकृति मिलने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मंत्री विजय शाह का आभार जताया।
इन स्कूलों में बनेंगे भवन
शाहपुर विकासखंड के कुण्डी, मण्डई बुजुर्ग और पहावाड़ी; घोड़ाडोंगरी विकासखंड के खदारा, राजेगांव खापा, दूधावानी, शक्तिगढ़, भोगई खापा, चारगांव, रामपुर और चिखली आमढाना; तथा चिचोली विकासखंड के देवपुर कोटमी और गवासेन में नए भवन बनाए जाएंगे।
कुल बजट का गणित
प्रत्येक स्कूल के लिए 396.26 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस प्रकार 13 स्कूलों के लिए कुल 5151.38 लाख रुपए यानी 51.51 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की गई है।
इस निर्णय से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं मिलने का रास्ता साफ हो गया है।






