Crime News : मुलताई। नगर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर भाजपा का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को थाना मुलताई पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार से मुलाकात कर कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताई और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में मंदिरों सहित विभिन्न स्थानों पर चोरी की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। उन्होंने पुलिस से इन घटनाओं पर जल्द अंकुश लगाने की मांग की, ताकि लोगों का भरोसा कायम रह सके।
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गणेश साहू ने पुलिस गश्त को और अधिक सशक्त बनाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
ये रहे मौजूद
इस दौरान भाजपा नगर मंडल महामंत्री एवं एल्डरमैन निलेश चावरिया, एल्डरमैन राजू चौबे, प्रीतम सिंह सिसोदिया, बीना पंजाबी, महामंत्री राघवेंद्र रघुवंशी, पूर्व पार्षद श्रवण नागले और कार्यकर्ता मनोज उइके सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
थाना प्रभारी ने दिया आश्वासन
थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि नगर में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।






