Betul Crime News : प्रताड़ना से तंग युवक ने दी जान, फरार चौथा आरोपी भी गिरफ्तार

On: April 16, 2026 8:46 AM
Follow Us:

Betul Crime News : बैतूल। शाहपुर थाना क्षेत्र में युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को पुलिस पकड़ चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, सोहागपुर ढाना निवासी 22 वर्षीय देवेश वर्मा उर्फ गौतम को गांव के कुछ युवकों द्वारा एक युवती से बातचीत को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। 12 मार्च को जामपानी में एक बारात के दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर सार्वजनिक रूप से अपमानित भी किया था।

घटना से आहत होकर देवेश ने खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली थी। गंभीर हालत में उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 16 मार्च को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मर्ग जांच के बाद शाहपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया था, जबकि चौथा आरोपी सिद्धार्थ रजने (25), निवासी सिलपटी, घटना के बाद से फरार था।

लगातार दबिश के बाद पुलिस ने 15 अप्रैल को सिद्धार्थ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी व एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अरविंद कुमरे सहित टीम की अहम भूमिका रही।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment