Betul New Collector : डॉ. सौरभ सोनवणे बने बैतूल के नए कलेक्टर, संभाला पदभार

On: April 12, 2026 8:26 AM
Follow Us:

2017 बैच के आईएएस, रीवा में दे चुके सेवाएं; निवर्तमान कलेक्टर सूर्यवंशी अब रीवा रवाना

Betul New Collector : बैतूल जिले को रविवार को नया कलेक्टर मिल गया। 2017 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने विधिवत रूप से कलेक्टर पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर अपर कलेक्टर वंदना जाट, संयुक्त कलेक्टर मकसूद अहमद और एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत डॉ. सोनवणे की बैतूल कलेक्टर के रूप में नियुक्ति की गई है। इससे पहले वे रीवा में नगर निगम आयुक्त सहित कई अहम प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके अनुभव को जिले के विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

महाराष्ट्र से बैतूल तक का सफर
डॉ. सौरभ सोनवणे का जन्म वर्ष 1991 में महाराष्ट्र के जलगांव में हुआ। उनका बचपन ग्रामीण परिवेश में बीता, जहां उनके पिता मेडिकल ऑफिसर थे। प्रारंभिक शिक्षा गांव के सरकारी स्कूल में लेने के बाद उन्होंने जलगांव में आगे की पढ़ाई पूरी की।

उन्होंने मुंबई के ग्रैंड मेडिकल कॉलेज से मेडिकल की डिग्री हासिल की और कुछ समय तक डॉक्टर के रूप में भी सेवाएं दीं। तीसरे प्रयास में यूपीएससी परीक्षा पास कर वे 2017 बैच के आईएएस अधिकारी बने। छात्र जीवन में वे एनसीसी कैडेट भी रहे और राजपथ पर महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले डॉ. सोनवणे का मानना है कि व्यक्ति की असली पहचान उसका व्यवहार होता है, न कि पद और प्रतिष्ठा।

सूर्यवंशी का कार्यकाल रहा उल्लेखनीय
वहीं, निवर्तमान कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी को अब रीवा कलेक्टर के रूप में पदस्थ किया गया है। 2012 बैच के आईएएस सूर्यवंशी जनवरी 2024 से अप्रैल 2026 तक बैतूल कलेक्टर रहे।

उनके कार्यकाल में ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ और ‘जल संचय-जन भागीदारी’ जैसे अभियानों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। टीबी उन्मूलन, निर्वाचन कार्य और प्रशासनिक डिजिटाइजेशन में उत्कृष्ट कार्य के लिए जिले को कई सम्मान भी प्राप्त हुए। सूर्यवंशी अपनी सख्त कार्यशैली, भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई और देर रात निरीक्षण के लिए जाने जाते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment