महावीर वार्ड की घटना; एक दिन पहले ही युवती को डैम में कूदने से बचाया था पुलिस ने
Betul Suicide News : शहर के महावीर वार्ड में प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। युवक की मौत से आहत उसकी महिला मित्र ने भी जहर खाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। फिलहाल युवती का जिला अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, टिकारी क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय शिवांश सोनी रायपुर स्थित इंडियन कॉफी हाउस में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता राजेंद्र सोनी छिंदवाड़ा में शिक्षक हैं। शिवांश 2-3 दिन पहले ही बैतूल आया था। शुक्रवार शाम उसने महावीर वार्ड स्थित अपने घर की छत के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद पड़ोस में किराए से रहने वाली उसकी महिला मित्र, जो कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करती है, ने शनिवार सुबह जहर (सल्फास/एसिड) का सेवन कर लिया। युवती मूल रूप से साईंखेड़ा क्षेत्र की रहने वाली है और उम्र में युवक से करीब 2 साल बड़ी बताई जा रही है।
एक दिन पहले डैम में कूदने पहुंची थी युवती
बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले युवती कोसमी डैम में कूदकर आत्महत्या करने पहुंच गई थी, जहां पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने समय रहते उसे बचा लिया था। करीब 3-4 घंटे तक काउंसलिंग कर उसे समझाइश देकर घर भेजा गया था। उस दौरान युवती ने पुलिस को बताया था कि युवक आत्महत्या की बात कर रहा है।
परिजनों की सहमति के बावजूद थे परेशान
पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और परिजन भी इस रिश्ते के लिए सहमत थे। इसके बावजूद किसी कारण से दोनों मानसिक रूप से परेशान थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
कोतवाली पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।






