दिनभर मचाया उत्पात, कोल कर्मियों से मारपीट और बस स्टैंड पर युवक को पीटा; क्षेत्र में पुलिस गश्त पर उठे सवाल
Betul Crime News : सारनी की कोल नगरी पाथाखेड़ा में गुरुवार का दिन और रात कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटनाओं से भरा रहा। क्षेत्र में चार युवकों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर चाकूबाजी, मारपीट, पशु क्रूरता और उत्पात की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर राज उर्फ कुणाल गिरी अपने साथियों विक्की गुप्ता, राज कैथवास और विकास साहू के साथ राजीव चौक तिगड्डे पर पहुंचे, जहां उनका कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि चाकूबाजी की नौबत आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागते नजर आए।
इसके बाद आरोपियों ने प्रेम नगर क्षेत्र में तीन कोल कर्मियों के साथ मारपीट की। दो कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की गई, जबकि तीसरे कर्मी के साथ बेरहमी से मारपीट कर उस पर तलवार से हमला किया गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसी दिन देर रात गुरुद्वारा चौक के पास आरोपियों ने कथित तौर पर नशे की हालत में कार चलाते हुए एक गाय को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और इसे पशु क्रूरता का गंभीर मामला बताया जा रहा है।
इतना ही नहीं, आरोपियों का उत्पात यहीं नहीं रुका और पाथाखेड़ा बस स्टैंड पर प्रथम वर्मा नामक युवक के साथ भी मारपीट की गई। लगातार हो रही इन घटनाओं से आमजन में भय का माहौल है।
पीड़ितों द्वारा पाथाखेड़ा चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं, गाय को कुचलने की घटना के बाद पशु प्रेमियों की चुप्पी पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर सामाजिक संगठनों को आगे आकर कड़ी कार्रवाई की मांग करनी चाहिए।
लगातार हुई इन वारदातों के बाद पाथाखेड़ा और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा कायम रह सके।






