चार महीने से नहीं खुली थी दान पेटी, CCTV खंगाल रही पुलिस; लगातार हो रही मंदिरों में चोरी से लोगों में आक्रोश
Betul Crime News : नगर के बैतूल रोड स्थित बाबा रामदेव मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश मंदिर परिसर में घुसे और दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि दान पेटी करीब चार महीनों से नहीं खोली गई थी, जिससे उसमें अच्छी-खासी रकम जमा होने की संभावना जताई जा रही है।
शुक्रवार सुबह जब श्रद्धालु मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे, तो उन्होंने दान पेटी का ताला टूटा हुआ देखा। इसके बाद घटना की जानकारी मंदिर समिति और पुलिस को दी गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह क्षेत्र में मंदिरों को निशाना बनाने की पहली घटना नहीं है। इससे पहले जलाराम बाबा मंदिर और हनुमान मंदिर में भी चोरी की वारदात हो चुकी है। उन मामलों में आरोपी सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए थे, लेकिन अब तक पुलिस उन्हें पकड़ नहीं पाई है, जिससे लोगों में नाराजगी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मंदिर समिति और क्षेत्रीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जल्द कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया जाना गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है।






