एसडीएम राजीव कहार के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई, जेसीबी से हटाए गए अवैध ढांचे; फेंसिंग और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के निर्देश
Betul News : मुलताई में गुरुवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील परिसर के सामने स्थित अवैध कब्जों को जमींदोज कर दिया। एसडीएम राजीव कहार के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार संजय बरैया, एसडीओपी एसके सिंह और नगर पालिका के सब इंजीनियर महेश शर्मा सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। प्रशासनिक टीम ने जेसीबी की मदद से लंबे समय से जमे अतिक्रमण को हटाकर सरकारी जमीन को मुक्त कराया। इस दौरान अवैध रूप से बनाई गई दुकानों और अन्य ढांचों को तोड़ दिया गया।
एसडीएम राजीव कहार ने मौके पर ही सख्त रुख अपनाते हुए नगर पालिका को निर्देश दिए कि खाली कराई गई जमीन पर तुरंत पोल लगाकर तार फेंसिंग की जाए, ताकि दोबारा कब्जा न हो सके। उन्होंने कहा कि पहले कार्रवाई के बाद फिर से अतिक्रमण हो जाता था, लेकिन इस बार जमीन को स्थायी रूप से सुरक्षित किया जाएगा।
अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी सख्ती दिखाई। एसडीएम ने पुलिस को निर्देश दिए कि सड़कों पर अव्यवस्थित खड़े वाहनों पर चालानी कार्रवाई की जाए, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
प्रशासन ने यह भी संकेत दिए हैं कि नगर के अन्य चिन्हित अतिक्रमण स्थलों पर भी इसी तरह अभियान चलाया जाएगा। इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन के कदम की सराहना की है और शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की मांग की है।






