टिकारी क्षेत्र की घटना, भोपाल से नागपुर तक चला इलाज; नवविवाहिता मामला होने से जांच तेज
Betul Suicide News : बैतूल के टिकारी इलाके में एक विवाहिता की एसिड पीने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका अंजली (30) ने 29 मार्च को घर में किसी बात से नाराज होकर एसिड पी लिया था। गंभीर हालत में उसे पहले बैतूल, फिर भोपाल और बाद में नागपुर ले जाया गया, जहां करीब 10 दिन इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, घटना के तुरंत बाद अंजली को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे भोपाल रेफर किया, लेकिन वहां भी सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उसे नागपुर के निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, अंजली की शादी लगभग दो साल पहले टिकारी निवासी रमाकांत सोलंकी (56) से हुई थी, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। यह दोनों की दूसरी शादी थी। रमाकांत की पहली पत्नी से दो बच्चे हैं, जबकि अंजली का भी पहले पति से तलाक हो चुका था और उसका एक बेटा है।
मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। चूंकि यह नवविवाहिता से जुड़ा मामला है, इसलिए तहसीलदार द्वारा भी बयान दर्ज कर जांच की जा रही है। अस्पताल पुलिस चौकी ने मर्ग डायरी तैयार कर कोतवाली पुलिस को भेज दी है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।






