बरेठा घाट के पास हुआ हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने मारी बाइक को टक्कर; चालक फरार
Betul Accident News : बैतूल-भोपाल हाईवे पर बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में ससुर और दामाद की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बरेठा घाट के पास उस समय हुआ जब दोनों मोटरसाइकिल से बैतूल से शाहपुर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सिलपटी निवासी हरदास वर्मा (55) और उनके दामाद सुनहरी सिनोटिया (40) खेती के काम के लिए मोटर की रस्सी लेने बैतूल गए थे। लौटते समय पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक RJ 02 GC 1024) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही शाहपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमरे अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शवगृह भिजवाया।
टीआई अरविंद कुमरे के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है, जबकि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक का प्रेशर पाइप फटने के कारण वाहन घटनास्थल पर ही खड़ा मिला। पुलिस ने फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मृतक हरदास वर्मा के परिवार में एक बेटा है, जो भोपाल में कार्यरत है, जबकि उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है। वहीं, उनके दामाद सुनहरी सिनोटिया पेशे से किसान थे और उनके तीन छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।






