Betul Kanya Vivah Yojana : कन्या विवाह योजना में 200 जोड़ों की सीमा बनी बाधा, बैतूल में जरूरतमंद लौट रहे मायूस

On: April 9, 2026 7:42 AM
Follow Us:

लक्ष्य पूरा होने से बंद हुआ पंजीयन, सीमा बढ़ाने की उठी मांग; अप्रैल-मई में अलग-अलग जनपदों में होंगे सामूहिक विवाह

Betul Kanya Vivah Yojana : बैतूल जिला में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत निर्धारित 200 जोड़ों की सीमा अब जरूरतमंदों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। लक्ष्य पूरा होते ही पंजीयन बंद कर दिए जाने से कई पात्र जोड़े बिना आवेदन किए ही मायूस लौट रहे हैं।

प्रशासन द्वारा प्रत्येक जनपद पंचायत में अधिकतम 200 जोड़ों का लक्ष्य तय किया गया है और ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर पंजीयन किया जा रहा है। सीमित संख्या के कारण बड़ी संख्या में हितग्राही योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं, जिससे नाराजगी भी सामने आ रही है।

जिले में सामूहिक विवाह/निकाह कार्यक्रमों की तिथियां भी तय कर दी गई हैं। 26 अप्रैल 2026 को जनपद पंचायत बैतूल में बैतूल, आठनेर और आमला के साथ संबंधित नगर निकायों के जोड़े शामिल होंगे।

इसके बाद 29 अप्रैल को जनपद पंचायत भीमपुर में भैंसदेही और भीमपुर क्षेत्र के जोड़ों के लिए आयोजन किया जाएगा। वहीं 30 अप्रैल को जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी में घोड़ाडोंगरी, शाहपुर और चिचोली क्षेत्र के जोड़े सामूहिक विवाह में शामिल होंगे।

अगले चरण में 5 मई 2026 को जनपद पंचायत मुलताई में प्रभात पट्टन और मुलताई क्षेत्र के जोड़ों के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस बीच, बैतूल और भीमपुर सहित कई जनपदों में लक्ष्य पूरा होने की सूचना पहले ही चस्पा कर दी गई है। दूर-दराज से पंजीयन कराने पहुंचे कई जोड़े निराश होकर लौट रहे हैं, जिससे उनमें असंतोष बढ़ता जा रहा है।

मामले को लेकर अब मांग उठने लगी है कि पोर्टल पर जोड़ों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों को योजना का लाभ मिल सके। युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव जितेंद्र सिंह इवने ने प्रशासन से जोड़ों की सीमा 500 से 600 तक बढ़ाने की मांग की है, ताकि कोई भी पात्र जोड़ा इस योजना से वंचित न रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment