कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, आरोपी ने पूछताछ में कबूला जुर्म
Betul Crime News : बैतूल में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच कोतवाली पुलिस ने एक मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई बाइक बरामद कर ली है। इस कार्रवाई से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार, शहीद कॉलोनी निवासी नानू धुर्वे ने 1 मार्च 2026 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी बाइक भारत भारती स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास से चोरी हो गई है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर रामनगर गंज निवासी 32 वर्षीय आकाश लोट को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हीरो कंपनी की काले रंग की बाइक (MP 48 ZJ 4145) बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 65 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस पूरे मामले में कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।






