Betul Accident News : बैतूल-नागपुर फोरलेन पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा ससुन्द्रा चेक पोस्ट के पास दोपहर करीब 1 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, अंबाड़ा निवासी 27 वर्षीय अमन गुजरे अपनी बाइक से मुलताई की ओर जा रहे थे। उनके साथ बानुर खापा निवासी 19 वर्षीय रोशनी भी सवार थीं। बताया जा रहा है कि रोशनी ने मुलताई जाने के लिए अमन से लिफ्ट ली थी।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक आईसर वाहन ने बाइक को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
हादसे में रोशनी के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अमन गुजरे के सिर में गंभीर चोट आई है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल बैतूल पहुंचाया गया, जहां उसे सर्जिकल वार्ड में भर्ती कर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।






