Multai Fire News : नरवाई की आग से खेत में मचा हड़कंप, फायर टीम की तत्परता से टली बड़ी तबाही

On: April 4, 2026 7:16 AM
Follow Us:

Multai Fire News : मुलताई क्षेत्र के ग्राम मोरखा में शनिवार सुबह करीब 10 बजे एक खेत में नरवाई (फसल अवशेष) से लगी आग ने अचानक विकराल रूप ले लिया। यह आग देवीसिंह रघुवंशी के खेत में भड़की और देखते ही देखते तेजी से फैलने लगी।

आग की लपटों ने खेत में रखी गन्नाबाड़ी, पशु चारा और कई पेड़ों को अपनी चपेट में ले लिया। आग के बढ़ते दायरे से आसपास के खेतों में भी खतरा उत्पन्न हो गया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। पास ही खड़ी गेहूं की फसल को भी आग से नुकसान होने की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम के ड्राइवर मनोज सिंह और गिरीश पिपले ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। कड़ी मशक्कत के बाद आग को गेहूं की खड़ी फसल तक पहुंचने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया। समय पर कार्रवाई नहीं होती तो नुकसान कहीं अधिक हो सकता था।

इस घटना में लगभग 50 हजार रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है। गन्नाबाड़ी, पशु चारा और पेड़ों के जलने से किसान को आर्थिक क्षति हुई है।

ग्रामीणों ने फायर टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता से बड़ी तबाही टल गई। वहीं प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे नरवाई जलाने से बचें, क्योंकि इससे इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं और भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment