Multai Civic Problem : मुलताई में धधक रहा कचरा डंपिंग यार्ड, जहरीले धुएं से लोग परेशान

On: March 31, 2026 11:18 AM
Follow Us:

Multai Civic Problem : मुलताई। नगर में कचरा प्रबंधन की स्थिति इन दिनों बेहद गंभीर बनी हुई है। पिछले करीब 15 दिनों से डंपिंग स्थल पर कचरा लगातार सुलग रहा है, जिससे उठने वाला जहरीला धुआं आसपास के रहवासियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। इससे क्षेत्र का वातावरण भी तेजी से प्रदूषित हो रहा है।

दिन-रात उठ रहा जहरीला धुआं
स्थानीय रहवासी पवन पवार, रवि और सुशील के अनुसार, डंपिंग स्थल पर रोजाना नया कचरा डाला जा रहा है, जबकि पुराना कचरा पहले से ही धधक रहा है। आग के कारण कचरा धीरे-धीरे जलता रहता है, जिससे दिन-रात जहरीला धुआं उठता है। इसके चलते लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

एनजीटी के निर्देशों की अनदेखी
यह स्थिति राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों का सीधा उल्लंघन है, जिसमें खुले में कचरा जलाने पर प्रतिबंध है। एनजीटी पहले भी नगर पालिका को कचरा प्रबंधन सुधारने के निर्देश दे चुका है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई खास बदलाव नजर नहीं आ रहा।

नगर पालिका के प्रयास नाकाफी
इस संबंध में नगर पालिका के सीएमओ वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि आग बुझाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जेसीबी मशीन की मदद से कचरे को हटाकर आग पर काबू पाने की कोशिश हो रही है, लेकिन अभी तक पूरी तरह सफलता नहीं मिल सकी है।

लाखों खर्च के बावजूद फिर वही हाल
गौरतलब है कि लगभग एक साल पहले नगर पालिका ने करीब 90 लाख रुपए खर्च कर कचरा हटाने का ठेका दिया था। इसके बावजूद डंपिंग स्थल पर फिर से कचरे का बड़ा ढेर जमा हो गया है। साथ ही गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण भी नहीं किया जा रहा, जिससे समस्या और विकराल होती जा रही है।

नागरिकों की मांग
नगरवासियों ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या का जल्द स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि उन्हें जहरीले धुएं और प्रदूषण से राहत मिल सके।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment