Betul Traffic Plan : बैतूल। हनुमान जन्मोत्सव के मद्देनजर जिले में कानून-व्यवस्था और सुगम यातायात बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने विशेष यातायात योजना लागू की है। 2 अप्रैल को होने वाले धार्मिक आयोजनों के दौरान शहर में कई स्थानों पर प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे।
यातायात पुलिस के अनुसार, गंज क्षेत्र को शाम 4 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक ‘नो व्हीकल’ और ‘नो पार्किंग’ जोन घोषित किया गया है। इस दौरान किसी भी वाहन के प्रवेश और पार्किंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर वाहनों को टोइंग वैन से हटाकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी।
इन मार्गों पर रहेगा भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
रथ यात्रा और अन्य धार्मिक आयोजनों को देखते हुए आंबेडकर चौक से कॉलेज चौक, बस स्टैंड होते हुए फांसी खदान मार्ग और राजा भोज चौक से गंज जाने वाले मार्ग पर भारी, मध्यम और ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
कई स्थानों से होगा ट्रैफिक डायवर्जन
शहर में यातायात दबाव कम करने के लिए माचना ब्रिज, भगत सिंह चौक, कॉलेज चौक, गुप्ता मॉल, आभाश्री होटल और बाबू चौक जैसे प्रमुख स्थानों से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
बडोरा और रामनगर अंडरब्रिज की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग मार्ग तय किए गए हैं। गंज बस स्टैंड जाने वाली यात्री बसों को भगत सिंह चौक तक ही सीमित रखा जाएगा। वहीं रेलवे स्टेशन के दोनों प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए भी अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
नागरिकों से सहयोग की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि हनुमान जन्मोत्सव का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।






