Betul Sports News : बैतूल। जिले के लिए गर्व की बात है कि बैतूल के दो युवा हॉकी खिलाड़ी जितेंद्र कहार और हर्षित धोटे का मध्य प्रदेश की 16वीं सब-जूनियर (अंडर-16) हॉकी टीम में चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी 1 अप्रैल से 12 अप्रैल तक झारखंड के रांची में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इन खिलाड़ियों के चयन से बैतूल ने एक बार फिर खेल जगत में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। खास बात यह है कि दोनों ही खिलाड़ी मजदूर परिवार से आते हैं और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है।
5-6 साल की मेहनत लाई रंग
हॉकी बैतूल के सचिव जगेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि जितेंद्र और हर्षित पिछले 5-6 वर्षों से लगातार अभ्यास कर रहे हैं। मैदान पर उनका प्रदर्शन हमेशा प्रभावशाली रहा है और उनके खेल में निरंतर सुधार देखने को मिला है।
इस उपलब्धि में कोच अजय मिश्रा और तपेश का विशेष योगदान रहा है, जिन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया।
पहले भी चमक चुके हैं जिले के खिलाड़ी
गौरतलब है कि इससे पहले भी बैतूल के पांच खिलाड़ी खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में मध्य प्रदेश हॉकी टीम के लिए चयनित हो चुके हैं। अब दो और खिलाड़ियों के चयन ने यह साबित कर दिया है कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।
खेल प्रेमियों ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर पूर्व खिलाड़ी प्रदीप खंडेलवाल, हॉकी बैतूल के अध्यक्ष अक्षय वर्मा, सचिव जगेन्द्र सिंह तोमर सहित कई खेल प्रेमियों—रमेश भाटिया, विभाषवर्धन पांडेय, जगदीप वर्मा, मुकेश वर्मा, धर्मेन्द्र गोठी, सुधीर जैन, अजाब राव झरबडे, नरेन्द्र ठाकुर, देवेन्द्र पाटिल, शैलेश गुबरेले और मनप्रीत सिंह वालिया—ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।






