Betul Accident News : बैतूल। नेशनल हाईवे पर बरेठा घाट में सोमवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ग्रामीण मजदूर युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, बरेठा घाट के पहले मोड़ पर एक बाइक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय दोनों युवक सिंगार चावड़ी गांव से बकतरा काम के सिलसिले में जा रहे थे।
इस हादसे में सिंगार चावड़ी निवासी जगदीश नर्रे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार भैयालाल पंद्रम गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिला अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक
घायल भैयालाल पंद्रम को 108 एम्बुलेंस की मदद से पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
15 दिन बाद थी शादी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक जगदीश नर्रे खेती और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह दो भाइयों में छोटे थे और उनकी शादी महज 15 दिन बाद होने वाली थी। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं घायल भैयालाल पंद्रम अविवाहित हैं।
पुलिस कर रही जांच
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों को अवगत कराया गया। शाहपुर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।






