Betul Rath Yatra : बैतूल में 2 अप्रैल को निकलेगी श्री मेहंदीपुर बालाजी की भव्य रथयात्रा, तैयारियां अंतिम चरण में

On: March 30, 2026 11:35 AM
Follow Us:

Betul Rath Yatra : बैतूल में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर 2 अप्रैल 2026 को श्री मेहंदीपुर बालाजी की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। श्री मेहंदीपुर बालाजी भक्त मंडल समिति द्वारा आयोजित यह 15वीं रथयात्रा होगी, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

कोठी बाजार स्थित श्री हनुमान मंदिर (न्यू बैतूल स्कूल ग्राउंड के सामने) से शाम 5 बजे स्वर्ण रथ पर विराजमान श्री मेहंदीपुर बालाजी महाराज नगर भ्रमण के लिए प्रस्थान करेंगे। रथ के निर्माण, सजावट और रंग-रोगन का कार्य अंतिम चरण में है, जिसे स्थानीय कलाकार दिग्विजय बरदे और श्याम सोनी अपनी टीम के साथ तैयार कर रहे हैं।

नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी रथयात्रा
समिति के अनुसार इस बार श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रथ के रस्सों की लंबाई बढ़ाई गई है। महिला और पुरुष श्रद्धालु अलग-अलग रस्सों से रथ खींचेंगे। रथयात्रा थाना रोड, लल्ली चौक, मुल्लाजी पेट्रोल पंप, टांगा स्टैंड गंज और बिजासनी माता मंदिर होते हुए गंज माता मंदिर के पास समाप्त होगी।

चांदी के चरण और जनेऊ का विशेष अर्पण
इस वर्ष रथयात्रा के लिए विशेष रूप से करीब एक किलो वजनी चांदी के चरण और चांदी का जनेऊ तैयार कराया गया है, जिसे बालाजी महाराज को अर्पित किया जाएगा। इससे पहले भी समिति द्वारा तीन चांदी के छत्र भेंट किए जा चुके हैं।

अर्जी लगाने की परंपरा और महाआरती
रथयात्रा के दौरान श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की अर्जी भी लगा सकेंगे। मान्यता के अनुसार लाल कपड़े में सिक्का, चावल और मनोकामना लिखकर अर्पित की गई अर्जी को बाद में मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में समर्पित किया जाता है। यात्रा के दौरान पांच स्थानों पर महाआरती होगी और श्रद्धालुओं को पवित्र जल के छींटे तथा पंचमेवा का महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।

समिति ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों के सामने रंगोली सजाकर और दीप प्रज्वलित कर रथयात्रा का स्वागत करें। आयोजन को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment