Betul Crime News : बैतूल जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ खेलते छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 11,510 रुपए नकद और ताश के पत्ते जब्त किए हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हमलापुर क्षेत्र में एक ईंट भट्ठे के पास छिंद के पेड़ के नीचे कुछ लोग पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और सभी आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रोहित सेन (25), अशोक ठाकुर (40), बबलू सूर्यवंशी (20), हैदर शेख (30), शाहिद शेख (35) और राजकुमार प्रजापति (45) के रूप में हुई है। सभी आरोपी अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने मौके से 52 ताश के पत्ते और 11,510 रुपए नकद बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में की गई। टीम में थाना प्रभारी नीरज पाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने क्षेत्र में होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।






