Cultural Program Betul : बैतूल। जिले में पहली बार फाग गायन प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार सुबह छत्रपति शिवाजी महाराज ओपन ऑडिटोरियम में हुआ। टेंपल ऑफ म्यूजिक एंड आर्ट संगीत विद्यालय द्वारा ‘होली मिलन समारोह 2026’ के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में जिलेभर की भजन और गायन मंडलियां उत्साह के साथ भाग ले रही हैं।
कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही पारंपरिक और सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला। फाग गायन की मधुर प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को होली के रंग और लोक संस्कृति की छटा से सराबोर कर दिया। आयोजकों के अनुसार, यह बैतूल जिले का अपनी तरह का पहला आयोजन है, जिसका उद्देश्य फाग गायन जैसी पारंपरिक लोक विधा को संरक्षण और बढ़ावा देना है।
आकर्षक पुरस्कार और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 10,001 रुपए, द्वितीय पुरस्कार 5,001 रुपए और तृतीय पुरस्कार 2,001 रुपए निर्धारित किए गए हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बैतूल सांसद दुर्गादास उइके के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है।
इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, विधायक योगेश पंडाग्रे, नगर पालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर और भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
आयोजन को लेकर दिखा उत्साह
आयोजन समिति के अभिषेक उर्फ आशु किलेदार, योगी खंडेलवाल, राजसिंह पिंटू परिहार और धीरज बोथरा ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर प्रतिभागियों और दर्शकों में खासा उत्साह है।
कार्यक्रम की मुख्य जिम्मेदारी नरेन्द्र नाथ गुरु, निशा नाथ, चौधरी श्रीश पटेल और जीत चौकीकर द्वारा संभाली जा रही है। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन पारंपरिक फाग गायन को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसे लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है।






