Betul Accident News : बैतूल। कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना ग्राम खेड़ीसावलीगढ़ बस स्टैंड के पास सुबह करीब 9 बजे हुई।
जानकारी के अनुसार, खेड़ी के पांढरी ढाना निवासी सुन्दा बाई (65) सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित खुद ही खेड़ी पुलिस चौकी पहुंच गया, जहां पुलिस ने उसे अभिरक्षा में ले लिया। सूचना मिलते ही आरक्षक ओमप्रकाश यदुवंशी मौके पर पहुंचे और डायल 112 की मदद से घायल महिला को तुरंत जिला अस्पताल बैतूल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, सुन्दा बाई मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती थीं। उनके परिवार में तीन बेटियां हैं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है और ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है।






