Betul Crime News : बैतूल। जिले के आमला थाना क्षेत्र में हुई 20 लाख रुपए से अधिक की बड़ी चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस मामले में कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि फरियादी का ही रिश्तेदार आरोपी निकला, जिसने भरोसे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
यह घटना 9-10 मार्च 2026 की दरम्यानी रात की है। आमला के कुन्बी मोहल्ला निवासी ओमकार टिकारे के घर में पीछे का दरवाजा तोड़कर चोर घुसा था। आरोपी ने आलमारी और पेटी तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित लाखों रुपए का सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।
तकनीकी साक्ष्यों से पहुंची पुलिस आरोपी तक
मामले की जांच के दौरान पुलिस को शक एक करीबी पर हुआ। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इंदौर से महेन्द्र उर्फ रंजीत देवड़े को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। वह फरियादी का भांजा है और आर्थिक तंगी व कर्ज के कारण उसने अपने ही मौसा के घर को निशाना बनाया।
गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखे जेवर
आरोपी ने चोरी किए गए जेवरात इंदौर की एक गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर करीब 8 लाख रुपए प्राप्त किए। इस रकम से उसने अपना पुराना कर्ज चुकाया, जबकि शेष राशि अपने बैंक खाते में रखी, जिसे पुलिस ने फ्रीज कर दिया।
20.85 लाख का माल बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, नगदी और बैंक राशि सहित कुल 20 लाख 85 हजार 200 रुपए का मशरूका बरामद किया है।
आमला पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिसने कुछ ही दिनों में मामले का खुलासा कर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।






