Betul Crime News : मोबाइल कॉल पर शक बना जानलेवा, पति ने पत्नी को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

On: March 23, 2026 8:05 AM
Follow Us:

Betul Crime News : (बैतूल)।एक मामूली शक ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। भैंसदेही थाना क्षेत्र के ग्राम बैलढाना में पत्नी के मोबाइल पर बात करने के शक में पति ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार घटना शनिवार रात की है। आरोपी राजू धोटे शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसी दौरान पत्नी मालोबाई के मोबाइल को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बात करती है।

विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में उसने लाठी उठाकर पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और खून से लथपथ हो गई।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
परिजन घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मालोबाई ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया था, लेकिन भैंसदेही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने शक और मानसिक तनाव के चलते हत्या करना कबूल कर लिया है।

कर्ज और तनाव भी बना वजह
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पर स्मॉल फाइनेंस कंपनियों का कर्ज था। किस्तों के लिए लगातार आने वाले फोन कॉल और एजेंटों के दबाव के कारण घर में तनाव बना हुआ था।

इसी को लेकर पिछले एक सप्ताह से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। परिजनों के मुताबिक, आरोपी का व्यवहार भी इन दिनों असामान्य हो गया था।

चार मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार पूरी तरह बिखर गया है। दंपति के चार मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने चारों बच्चों को अपने साथ ले लिया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment