Betul News : बैतूल। जिले के शाहपुर क्षेत्र में एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने सड़क पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन मंगलवार रात तक करीब डेढ़ घंटे चला, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सुहागपुर ढाना निवासी 22 वर्षीय देवेश वर्मा उर्फ गौतम 13 मार्च को जामपानी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। इस दौरान पुराने पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया।
विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद देवेश घर लौटा और खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। इस घटना में वह करीब 80-90 प्रतिशत तक झुलस गया था। गंभीर हालत में उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। देवेश मंडीदीप की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और होली की छुट्टी पर गांव आया हुआ था।
शव रखकर किया विरोध प्रदर्शन
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव लाया गया, तो परिजन शाहपुर पहुंचे और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने घटना में शामिल चार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ।

अधिकारियों के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन
सूचना मिलने पर एसडीएम प्रांजल आर, तहसीलदार और थाना प्रभारी अरविंद कुमरे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश देते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।
मामले की जांच जारी
थाना प्रभारी के अनुसार, भोपाल से मर्ग डायरी प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।






