Betul Mandi News : चार दिन बंद रहेगी बैतूल कृषि उपज मंडी, अवकाश से पहले किसानों को मिला एक दिन का मौका

On: March 18, 2026 7:00 AM
Follow Us:

Betul Mandi News : बैतूल। बैतूल कृषि उपज मंडी 19 से 22 मार्च तक लगातार चार दिनों के लिए बंद रहेगी। इस दौरान मंडी में सभी प्रकार की नीलामी और खरीदी-बिक्री पूरी तरह से निलंबित रहेगी, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अवकाश से पहले केवल एक दिन का ही अवसर मिल पाया।

मंडी प्रबंधन के अनुसार, 19 मार्च को गुड़ी पड़वा, 20 मार्च को चैत्र नवरात्रि (चैतीचंड), 21 मार्च को इंदुल फितर तथा 22 मार्च को साप्ताहिक अवकाश (रविवार) होने के कारण मंडी में कार्य बंद रहेगा। अब मंडी सीधे सोमवार को खुलेगी।

पहले ही जारी की गई थी सूचना
प्रबंधन ने किसानों से अपील की थी कि जिन किसानों को अपनी उपज बेचना जरूरी है, वे अवकाश से पहले बुधवार को ही मंडी पहुंचकर बिक्री कर लें। अवकाश अवधि में मंडी परिसर में किसी भी प्रकार की गतिविधि की अनुमति नहीं होगी।

किसान संघ का विरोध हुआ समाप्त
इधर, मंडी की व्यवस्थाओं को लेकर चल रहा भारतीय किसान संघ का विरोध प्रदर्शन भी समाप्त हो गया है। संघ ने व्यापारियों के बोरे नहीं उठाए जाने और किसानों को हो रही परेशानियों को लेकर धरना शुरू किया था। उनका आरोप था कि मंडी में व्यापारियों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि किसानों की समस्याओं की अनदेखी हो रही है।

किसान संघ के नेता अशोक पटेल ने बताया कि तहसीलदार द्वारा समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद देर रात धरना समाप्त कर दिया गया।

आश्वासन पर अमल का इंतजार
धरना समाप्त होने के बाद स्थिति सामान्य होती नजर आ रही है, लेकिन अवकाश के चलते मंडी का कामकाज प्रभावित रहेगा। अब किसानों की नजर प्रशासन पर टिकी है कि दिए गए आश्वासनों पर कितना अमल किया जाता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment