Betul News : मंडी में अव्यवस्था पर प्रभारी मंत्री सख्त, किसानों को परेशान किया तो धंधा बंद कराऊंगा

On: January 9, 2026 8:22 AM
Follow Us:

Betul News : बैतूल के प्रभारी मंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल गुरुवार शाम अचानक बडोरा कृषि उपज मंडी पहुंच गए। अचानक हुए इस निरीक्षण से मंडी प्रबंधन और व्यापारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी हुई तो संबंधित जिम्मेदारों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री मंडी परिसर में किसानों से सीधे मिले और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान एक किसान ने शिकायत की कि मंडी में उपज की तुलाई क्रम से नहीं हो रही है और किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। शिकायत सुनते ही मंत्री नाराज हो गए और चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जो भी किसान को परेशान करेगा, उसका धंधा बंद करवा दूंगा।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मंडी सचिव को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपज की तुलाई और नीलामी पूरी तरह क्रमवार और पारदर्शी तरीके से कराई जाए। उन्होंने मौके पर ही मंडी निरीक्षक को लापरवाही बरतने पर सस्पेंड करने की चेतावनी भी दी।

मंत्री ने मंडी शेड में रखे व्यापारियों के माल के उठाव में देरी पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन व्यापारियों पर जुर्माना लगाया गया है, उनसे दो दिन के भीतर राशि वसूली जाए। ऐसा नहीं होने पर संबंधित व्यापारियों के लाइसेंस निलंबित कर माल जब्त करने की कार्रवाई की जाए।

प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट कहा कि मंडी में किसानों की उपज का उसी दिन उठाव सुनिश्चित किया जाए और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि किसानों के हितों से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment