Rashtriya Ekta Diwas 2025: केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके ने दिलाई एकता की शपथ, दिखाई हरी झंडी

On: October 31, 2025 7:14 AM
Follow Us:

Rashtriya Ekta Diwas 2025: सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर 2025 को राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे देशभर में मनाया जा रहा है। इसी अवसर पर बैतूल जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में एकता दौड़ (Unity Run) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्यमंत्री (जनजातीय कार्य) श्री दुर्गादास उईके उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड से ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। उन्होंने उपस्थित नागरिकों, विद्यार्थियों और अधिकारियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ भी दिलाई।

केंद्रीय राज्यमंत्री श्री उईके ने सभी उपस्थितजन को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ का शुभारंभ किया।अपने उद्बोधन में श्री उईके ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय एकता के शिल्पकार थे, जिनके अद्वितीय प्रयासों से भारत एक सशक्त और अखंड राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश उनके योगदान को नमन कर रहा है। एकता दिवस के ये कार्यक्रम प्रत्येक नागरिक में देशभक्ति, एकजुटता और संगठन की भावना को और सुदृढ़ करते हैं।

केंद्रीय राज्यमंत्री श्री उईके ने कहा कि “हम सबके संगठित प्रयासों से वर्ष 2047 तक भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाना है, यही प्रेरणा हमें सरदार पटेल के आदर्शों और आज के इस एकता दिवस से प्राप्त होती है।”

शहर के प्रमुख मार्गों से गुज़री एकता दौड़

‘रन फॉर यूनिटी’ पुलिस परेड ग्राउंड से शुरू होकर कारगिल चौक, जिला अस्पताल, कोठीबाजार पेट्रोल पंप और शिवाजी चौक से होते हुए पुनः परेड ग्राउंड पर समाप्त हुई। दौड़ में स्कूली छात्र-छात्राओं, अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन, सुधाकर पवार, आनंद प्रजापति सहित कई गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment