Mutai Crime News : बैतूल/मुलताई। मुलताई क्षेत्र में अपनी ही 10 वर्षीय नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार पिता ने पुलिस हिरासत में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। आरोपी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे जिला अस्पताल बैतूल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
डायल 112 पर कॉल के बाद हुआ था खुलासा
मामला 26 फरवरी 2024 को सामने आया था। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को कमरे में बंद कर दिया था। इस दौरान पीड़िता की मां ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पीड़िता ने अपने पिता पर लंबे समय से दुष्कर्म करने, डराने-धमकाने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए थे।
पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं में दर्ज हुआ था केस
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 65(2), 64(2)(f), 64(2)(m) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया था।
लॉकअप में आत्महत्या का प्रयास
थाने लाए जाने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर लॉकअप में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा है। चिकित्सकों के अनुसार फंदे के कारण उसे सांस लेने में गंभीर परेशानी हो रही है और हालत नाजुक बनी हुई है।
अस्पताल में सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कमला जोशी (पुलिस अधीक्षक, बैतूल) ने आरोपी द्वारा आत्महत्या के प्रयास की आधिकारिक पुष्टि की है।
मौके पर एसडीओपी सुनील लाटा, गंज टीआई नीरज पाल और तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हिरासत में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आंतरिक समीक्षा की जा रही है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी है।






