Multai News : हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

On: January 22, 2026 9:52 AM
Follow Us:

Multai News : मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम नांदकुड़ी बोरगांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवक की हाई टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मुलताई निवासी रोहित साहू के रूप में हुई है। घटना के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शासकीय अस्पताल मुलताई लाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुलताई से एक डंपर रेत खाली करने के लिए नांदकुड़ी बोरगांव पहुंचा था। रेत खाली करने के दौरान रोहित साहू डंपर पर चढ़ा हुआ था। इसी बीच डंपर का बॉक्स ऊपर उठते ही वह वहां से गुजर रही हाई टेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट की चपेट में आने से रोहित साहू गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर मुलताई थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शासकीय अस्पताल मुलताई भेजा गया, जहां पीएम की प्रक्रिया की जा रही है।

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर डंपर से रेत खाली की जा रही थी, वहां से हाई टेंशन लाइन काफी नीचे से गुजर रही थी, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment