Multai News : बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में सरकारी जमीन के कथित फर्जी दस्तावेज बनाकर प्लॉट बेचने का मामला बुधवार को मध्यप्रदेश विधानसभा में उठाया गया। मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने सरकार से अब तक की गई कार्रवाई का ब्यौरा मांगा और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई को लेकर सवाल किए।
विधायक ने पूछा कि रामदेव बाबा बार्को डेवलपर्स एंड कॉलोनाइजर्स के खिलाफ मिली शिकायतों पर क्या कदम उठाए गए हैं और क्या इस मामले में राजस्व, पुलिस या नगर प्रशासन के किसी अधिकारी की जिम्मेदारी तय की गई है।
मंत्री ने दिया जवाब
सरकार की ओर से जवाब देते हुए मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने बताया कि इस मामले में 1 सितंबर 2024 को मुलताई थाने में अपराध क्रमांक 639/24 दर्ज किया गया था। प्रकरण धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे से संबंधित है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीमों ने नागपुर, अमरावती सहित अन्य स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी अब तक फरार हैं।

मामला हाईकोर्ट में लंबित
सरकारी जवाब में यह भी कहा गया कि संबंधित कॉलोनाइजर ने मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है, जिसके चलते मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आगे की जांच पूरी कर अंतिम रिपोर्ट पेश की जाएगी।
अधिकारियों की लापरवाही की पुष्टि नहीं
सरकार ने विधानसभा में स्पष्ट किया कि अभी तक किसी भी अधिकारी की लापरवाही की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि मामले की जांच जारी है और गिरफ्तारी के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






