Multai News : मुलताई। नगर पालिका प्रशासन ने बकाया राजस्व की वसूली को लेकर सख्त अभियान शुरू कर दिया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि अब तक 1 करोड़ 72 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है, जबकि कुल बकाया 3 करोड़ 80 लाख रुपये था।
सीएमओ तिवारी के अनुसार, पिछले डेढ़ महीने में ही करीब 80 लाख रुपये की वसूली हुई है, जो अभियान की गंभीरता को दर्शाती है। नगर पालिका द्वारा करदाताओं को लगातार नोटिस जारी किए जा रहे हैं और बकायादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है।
समय पर भुगतान नहीं तो कार्रवाई
अभियान के तहत सहायक राजस्व निरीक्षक रतन लाल भलावी पर भी कार्रवाई की गई है। उनके क्षेत्र में लगभग 30 लाख रुपये की राजस्व वसूली लंबित पाए जाने पर उनकी वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोक दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में बकाया जमा नहीं होने पर संबंधितों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। वसूली में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर निलंबन तक की कार्रवाई हो सकती है।
55 प्रतिशत वसूली पूरी
नगर पालिका के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष में अब तक लगभग 55 प्रतिशत वसूली पूरी हो चुकी है। अगले एक महीने तक विशेष वसूली अभियान जारी रहेगा, जिसके तहत वार्ड स्तर पर टीमें सक्रिय रहकर बकायादारों से संपर्क करेंगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि शहर के विकास कार्यों को गति देने के लिए समय पर करों का भुगतान करें और नगर विकास में सहयोग दें।






