Multai News : व्हाट्सएप चैटबॉट से घर बैठे भरें संपत्ति कर और जल प्रभार

On: March 8, 2026 10:26 AM
Follow Us:

Multai News : मुलताई। नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने नागरिकों को बेहतर और सरल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा शुरू की है। इस सुविधा के जरिए अब नागरिक घर बैठे ही संपत्ति कर और जल उपभोक्ता प्रभार का भुगतान कर सकेंगे। मुलताई में 14 मार्च को आयोजित होने वाली लोक अदालत को ध्यान में रखते हुए नगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से समय पर कर जमा करने की अपील की है।

नगरपालिका के सीएमओ वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा के माध्यम से नागरिक अपने मोबाइल फोन से ही कर संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और ऑनलाइन भुगतान भी कर सकते हैं। ऑनलाइन भुगतान करने पर पेनल्टी में विशेष छूट का लाभ भी दिया जाएगा।

व्हाट्सएप पर ही मिलेगी भुगतान की रसीद

इस सुविधा के तहत कर भुगतान की रसीद भी सीधे व्हाट्सएप पर ही प्राप्त हो जाएगी। इससे नागरिकों को नगरपालिका कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समय की बचत होगी।

इस सेवा का उपयोग करने के लिए नागरिकों को अधिकृत व्हाट्सएप नंबर 7552465110 पर मैसेज करना होगा। इसके बाद चैटबॉट के निर्देशों का पालन कर वे आसानी से अपनी कर संबंधी सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।

वेबसाइट से भी कर सकते हैं ऑनलाइन भुगतान

नागरिक ई-नगरपालिका की आधिकारिक वेबसाइट https://enagarpalika.mp.gov.in पर जाकर भी संपत्ति कर और जल उपभोक्ता प्रभार का ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं।

नगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 14 मार्च को आयोजित होने वाली लोक अदालत का लाभ उठाते हुए अपने बकाया कर का समय पर भुगतान करें। प्रशासन का कहना है कि समय पर कर जमा होने से शहर में स्वच्छता, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्यों को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment