Multai News : “मूलतापी रील मेकिंग प्रतियोगिता” से डिजिटल मंच पर चमका मुलताई

On: January 30, 2026 11:32 AM
Follow Us:

युवाओं ने सोशल मीडिया पर मां ताप्ती की संस्कृति, आस्था और पर्यटन को दिया नया आयाम

Multai News : मुलताई को डिजिटल मंच के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने और इसकी सांस्कृतिक, धार्मिक व पर्यटन पहचान को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित “मूलतापी रील मेकिंग प्रतियोगिता” ने युवाओं को रचनात्मक अभिव्यक्ति का सशक्त मंच प्रदान किया। इस पहल के तहत सोशल मीडिया पर मां ताप्ती का गौरव और मुलताई की विशिष्ट पहचान प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत की गई। शुक्रवार को प्रतियोगिता में बनाई गई रील्स का सामूहिक प्रदर्शन किया गया।

15 से 23 जनवरी तक चली प्रतियोगिता

रील मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन 15 जनवरी से 23 जनवरी तक किया गया था। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने मां ताप्ती, मुलताई की धार्मिक आस्था, संस्कृति, परंपराओं, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन महत्व को केंद्र में रखते हुए आकर्षक रील्स तैयार कीं।
कुल 26 कंटेंट क्रिएटर्स ने प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण कराया था, जिनमें से 24 प्रतिभागियों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी रील्स इंस्टाग्राम पर अपलोड कीं।

कनक कंप्यूटर सेंटर में हुआ सामूहिक प्रदर्शन

शुक्रवार को नगर स्थित कनक कंप्यूटर सेंटर में सभी चयनित रील्स का सामूहिक प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर निर्णायक मंडल में नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर, अनीश नायर, सोनू सिंह, असलम अहमद और दीपक सोलंकी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में आयोजक टीम के सदस्य कुलदीप पहाड़े, कुणाल भारती, शुभम पवार, देवेंद्र सूर्यवंशी और जितेंद्र निरापुरे सहित सभी प्रतिभागी भी उपस्थित रहे।

डिजिटल माध्यम से संस्कृति को नई पहचान

नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए इसे मां ताप्ती और मुलताई के प्रचार-प्रसार के लिए एक प्रेरणादायक पहल बताया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की रचनात्मक सोच, प्रस्तुति शैली और तकनीकी कौशल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मोबाइल और सोशल मीडिया का सकारात्मक और रचनात्मक उपयोग कर स्थानीय संस्कृति, धार्मिक विरासत और पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान दिलाई जा सकती है।

1 फरवरी को होंगे विजेताओं का सम्मान

प्रतियोगिता के विजेताओं को 1 फरवरी को महाआरती के पश्चात पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। आयोजकों ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं भविष्य में भी आयोजित की जाएंगी, ताकि मुलताई की पहचान डिजिटल दुनिया में और अधिक मजबूत हो सके।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment