Multai ki Khabar : मुलताई। नगर की शीतला माता मंदिर गली में बहुप्रतीक्षित सौंदर्यीकरण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। करीब 6 लाख रुपये की लागत से यहां पेवर ब्लॉक बिछाने का कार्य कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के रहवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होती नजर आ रही है।
बताया गया कि यह कार्य नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गडेकर के मार्गदर्शन तथा वार्ड पार्षद अंजलि सुमित शिवहरे के प्रयासों से शुरू हुआ है। बरसात के मौसम में गली में कीचड़ और जलभराव की समस्या के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित होता था। पेवर ब्लॉक बिछने से अब इस परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
शनिवार को नगर पालिका के इंजीनियर महेश शर्मा ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदार को निर्देश दिए कि ब्लॉकों के बीच किसी प्रकार का गैप नहीं रहना चाहिए और टूटे हुए पेवर ब्लॉकों का उपयोग न किया जाए।
इंजीनियर शर्मा ने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और काम पूरी मजबूती व निर्धारित मानकों के अनुसार ही होना चाहिए। उन्होंने अब तक हुए कार्य पर संतोष जताया, साथ ही गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सख्त हिदायत भी दी।
इस दौरान वार्ड के पूर्व पार्षद हनी सरदार सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से इलाके में खुशी का माहौल है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद गली का स्वरूप बदल जाएगा और लोगों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।






