दी का दबाव बना रही थी युवती, हत्या कर खेत में दफनाया गया शव
Multai Crime News : मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम वलनी में मिले अज्ञात युवती के शव के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान 23 वर्षीय पूजा धुर्वे, निवासी ग्राम वलनी, के रूप में हुई है। परिजनों ने शव के पास मिले कपड़ों के आधार पर उसकी शिनाख्त की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 जनवरी को ग्राम वलनी निवासी गोमा उईके अपने खेत पहुंचे थे। वहां उन्होंने कुत्तों को कुछ नोचते हुए देखा। पास जाकर देखने पर एक अत्यधिक क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला, जिससे तेज दुर्गंध आ रही थी। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
कपड़ों के आधार पर हुई पहचान
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सुरक्षित किया गया। सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी ने मौके का सूक्ष्म निरीक्षण कर अहम साक्ष्य एकत्र किए। मर्ग जांच के दौरान शव के पास मिले कपड़ों के अवशेषों और गुमशुदा प्रकरणों के विश्लेषण से मृतका की पहचान पूजा धुर्वे के रूप में हुई, जिसकी पुष्टि परिजनों ने की।

हत्या के बाद दफनाया गया था शव
पुलिस जांच में सामने आया कि पूजा की हत्या कर आरोपी ने खेत में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया था। बाद में जंगली जानवरों द्वारा शव बाहर निकाल दिए जाने से मामला सामने आया।
परिजनों से पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि पूजा का गांव के ही युवक प्रमोद उईके से संपर्क था। पूजा के लापता होने के बाद से ही प्रमोद भी गांव से गायब था, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया।
सीडीआर और साइबर सेल से आरोपी तक पहुंची पुलिस
कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और साइबर सेल की सहायता से पुलिस ने 26 वर्षीय आरोपी प्रमोद उईके को चौकी पाढर क्षेत्र के ग्राम कुप्पा से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि पूजा उस पर शादी का दबाव बना रही थी, इसी बात से नाराज़ होकर उसने उसकी हत्या कर दी। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
एसपी ने टीम को किया पुरस्कृत
इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मुलताई शिवकुमार सिंह के नेतृत्व में कार्य करने वाली टीम की पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन ने सराहना की है। उन्होंने पुलिस टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की और आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी गंभीर घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और जांच में सहयोग करें।






