Multai Crime News : मुलताई। नगर के अंबेडकर वार्ड में गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। बदमाश घर से करीब 40 हजार रुपए नकद और लगभग 70 से 80 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे वार्ड में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पान ठेला संचालक संजू पवार की सास गेंदाबाई पवार अंबेडकर वार्ड स्थित मकान में अकेली रहती हैं। कुछ दिन पहले वे इलाज के लिए छिंदवाड़ा गई हुई थीं, जिसके कारण मकान बंद था और मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। इसी का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोर गुरुवार रात पहुंचे और दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।

चोरों ने घर के सभी कमरों की तलाशी ली और पूरे मकान को खंगाल डाला। अलमारी में रखे नकद रुपए और जेवरात निकालकर आरोपी फरार हो गए। शुक्रवार सुबह जब परिजन गेंदाबाई पवार को लेकर घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा हुआ था और अलमारी खुली पड़ी थी, तब चोरी की जानकारी लगी।

सूचना मिलते ही मुलताई पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा संदिग्धों की तलाश जारी है।
घटना के बाद वार्डवासियों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात के समय नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की वारदातों पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस ने जल्द आरोपियों का पता लगाने का भरोसा दिलाया है।






