Multai Crime News : मुलताई क्षेत्र में दो हत्याओं का पुलिस ने किया खुलासा, गुमशुदा युवती और विशेष सशस्त्र बल के जवान की हुई पहचान

On: January 31, 2026 11:21 AM
Follow Us:

वलनी और चैनपुर के मामलों के लिए गठित हुई थी SIT

Multai Crime News : बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दो अलग-अलग स्थानों पर शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। एक ओर ग्राम वलनी में अज्ञात कंकाल मिला था, वहीं दूसरी ओर चैनपुर के पास सेना की वर्दी पहने एक व्यक्ति की निर्मम हत्या का मामला सामने आया था। इन दोनों ही मामलों को पुलिस ने सुलझा लिया है और मृतकों की पहचान भी कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान गुमशुदा युवती पूजा और छिंदवाड़ा स्थित आठवीं बटालियन विशेष सशस्त्र बल के जवान आर.एस. सरयाम के रूप में हुई है। मामलों की गंभीरता को देखते हुए बैतूल पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था।

वलनी में गुमशुदा युवती पूजा का मिला कंकाल

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को ग्राम वलनी के एक खेत से अज्ञात शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। शव अत्यधिक सड़ा-गला था और उसके अवशेष खेत में बिखरे हुए पाए गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस और सीन ऑफ क्राइम टीम की जांच में सामने आया कि शव को पहले खेत के पास एक उथले गड्ढे में दफनाया गया था, जिसे बाद में कुत्तों ने बाहर निकाल लिया।

शव के पास महिला के कपड़े—टी-शर्ट, समीज और लंबे बाल मिलने के आधार पर यह महिला का शव होने की पुष्टि हुई। ग्रामीणों की मदद से शव की पहचान पूजा के रूप में हुई, जिसकी गुमशुदगी 19 जनवरी को दर्ज कराई गई थी।

चैनपुर के पास फौजी की वर्दी में मिला शव, सिर कुचला गया

इसी दौरान ग्राम हरदौली-चैनपुर मार्ग पर श्मशान घाट के पास एक नाले में सेना/पुलिस जैकेट पहने एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक की पत्थर से सिर कुचलकर निर्मम हत्या की गई थी।

वर्दी के आधार पर पुलिस ने विभागीय स्तर पर पहचान कराई, जिसके बाद मृतक की पहचान आर.एस. सरयाम के रूप में हुई। वह छिंदवाड़ा में आठवीं बटालियन विशेष सशस्त्र बल में पदस्थ था और अवकाश पर आने के बाद ड्यूटी पर वापस नहीं लौटा था।

SIT कर रही है गहन जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों हत्याओं के पीछे के कारणों और आरोपियों को लेकर SIT द्वारा गहन जांच की जा रही है। जल्द ही दोनों मामलों में हत्या के कारणों और आरोपियों का पूरा खुलासा किया जाएगा।

घटनाओं के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों को कुछ राहत भी मिली है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment