Multai Crime News : मुलताई।थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदौली गांव में 30 जनवरी को शिव मंदिर के पास मिले विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) के जवान के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि जवान की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके ही दोस्त ने लूट के इरादे से की थी।
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेंद्र जैन ने सोमवार रात जानकारी देते हुए बताया कि मृतक जवान की पहचान आरएस सरयाम के रूप में हुई है, जो छिंदवाड़ा में 8वीं बटालियन विशेष सशस्त्र बल में पदस्थ था। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी डहुआ ढाना निवासी सुदामा पिंजारे को गिरफ्तार किया है, जो मृतक का करीबी दोस्त था।

शराब पार्टी के दौरान बदली नीयत
थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार के अनुसार, घटना वाली रात आरएस सरयाम और आरोपी सुदामा पिंजारे एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान आरोपी की नीयत बदल गई और उसने लूट के इरादे से अपने दोस्त पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।

सबूत छिपाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपी ने वारदात को छिपाने के लिए मृतक की मोटरसाइकिल को अपने एक अन्य साथी की मदद से अलग स्थान पर छिपा दिया। बाद में हरदौली गांव में शिव मंदिर के पास जवान का शव मिलने से मामले का खुलासा हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, गहन पूछताछ और स्थानीय जानकारी के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मृतक की छिपाई गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






