Multai Crime News : छिंदवाड़ा से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे 14 गोवंश को हिंदू संगठनों और पुलिस ने मंगलवार तड़के करीब 4 बजे मुलताई के पास पकड़ा। गोतस्करों की पिकअप को पकड़ने के लिए श्री बजरंग सेना और राष्ट्रीय हिंदू सेना ने पुलिस के साथ लगभग 70 किलोमीटर तक पीछा किया। तेज रफ्तार में भागती पिकअप से सड़क पर चिंगारियां तक निकलती रहीं।
जानकारी के अनुसार, श्री बजरंग सेना को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गोवंश को भरकर महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही संगठन के कार्यकर्ताओं ने छिंदवाड़ा जिले से ही वाहन का पीछा शुरू कर दिया। इसी दौरान भागते हुए तस्करों ने चिखलीकला टोल नाके को भी तोड़ दिया।

राष्ट्रीय हिंदू सेना के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय ने मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद दोनों संगठनों ने मुलताई पुलिस के सहयोग से मुलताई के पास घेराबंदी की। हालांकि चालक टोल नाका तोड़कर भागने में सफल रहे, लेकिन आगे जाकर पिकअप को रोक लिया गया।
रस्सियों से बांधकर क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे थे गोवंश
मुलताई थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि पकड़ी गई सफेद रंग की पिकअप (क्रमांक MP 04 YJ 3854) को पीले तिरपाल से ढका गया था। वाहन में 14 गोवंश थे, जिन्हें रस्सियों से बांधकर एक-दूसरे के ऊपर क्रूरतापूर्वक लादा गया था। सभी गोवंश भूखे-प्यासे थे और उन्हें महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने गोतस्करी के मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। सभी गोवंश की गिनती कर उन्हें हिंदू संगठनों और पुलिस की मौजूदगी में सुरक्षित गौशाला पहुंचाया गया। मामले की जांच जारी है।






