गोंडवाना एक्सप्रेस से उतरते समय 7 युवकों ने दिया वारदात को अंजाम
Multai Crime News : मुलताई रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शुक्रवार सुबह गोंडवाना एक्सप्रेस से उतरते समय एक यात्री से मोबाइल फोन छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने रेलवे प्रभारी को लिखित शिकायत दी है, लेकिन घटना के समय स्टेशन पर कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। वहीं, स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद पाए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परमंडल निवासी शिवम बनखेड़े (पिता किशन लाल बनखेड़े) शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे भोपाल से गोंडवाना एक्सप्रेस से यात्रा कर मुलताई पहुंचे थे। जैसे ही वे ट्रेन से नीचे उतरे, तभी करीब 7 युवकों के एक गिरोह ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और स्टेशन परिसर से फरार हो गया।
पकड़ने की कोशिश, लेकिन आरोपी फरार
घटना के तुरंत बाद पीड़ित शिवम बनखेड़े और वहां मौजूद अन्य यात्रियों ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी मोबाइल लेकर भागने में सफल हो गए। इसके बाद यात्री काफी देर तक स्टेशन परिसर में आरोपियों की तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
शिकायत दी, लेकिन नहीं हुई एफआईआर
पीड़ित ने रेलवे प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी है, जिसमें मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत में स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित गश्त और सीसीटीवी कैमरे चालू कराने की भी अपील की गई है। हालांकि, स्टेशन पर शिकायत दर्ज करने के लिए कोई अधिकृत अधिकारी मौजूद नहीं होने से यात्री को परेशानी का सामना करना पड़ा।
यात्रियों में दहशत, सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुलताई रेलवे स्टेशन पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं, लेकिन निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ाने और नियमित निगरानी की मांग की है।
अब देखना यह है कि रेलवे प्रशासन इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है और यात्रियों की सुरक्षा के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।






